मैनपुरी। जिले में कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी दफ्तरों के साथ ही कोरोना वायरस बैंक तक पहुंच चुका है। एचडीएफसी बैंक के सात कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। बावजूद इसके लोग अपनी सेहत के प्रति गंभीर नहीं हैं।
लेनदेन के लिए लोग बैंकों में लाइन लगा रहे हैं। न तो यहां सामाजिक दूरी का पालन हो रहा है, न ही अन्य सावधानी बरती जा रही हैं। कई लोग तो बिना मास्क के ही बैंक पहुंच रहे हैं। संक्रमण से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। इसलिए बैंक में लेनदेन के वक्त सावधानी बरतें, नहीं तो आपके साथ ही आपके परिवार को संक्रमण चपेट में ले सकता है। शुक्रवार को शहर की तमाम बैंकों में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
इलाहाबाद बैंक
स्टेशन रोड स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई थी। अधिकांश लोग शासन की ओर से भेजी गई सहायता राशि को निकालने पहुंचे थे। यहां लाइन तो लगी थी, लेकिन सामाजिक दूरी नहीं थी। कई लोग तो बिना मास्क के ही लाइन में लगे थे। बैंक में तैनात गार्ड नियम पालन कराने का प्रयास करता रहा, लेकिन लोग उसकी बात को अनसुना करते रहे।
भारतीय स्टेट बैंक
स्टेशन रोड स्थित एसबीआई की शाखा में ग्राहकों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। बाहर की ओर खोले गए काउंटर पर लेनदेन हो रहा है। यहां भी लोगों की लाइन लगी थी, लेकिन दो गज की दूरी नहीं थी। कुछ लोग तो बिना मास्क के ही यहां मौजूद थे। भीड़ में ऐसे लोग भी थे, जो लेनदेन के लिए नहीं आए थे, वह सिर्फ अपनी पासबुक प्रिंट कराने के लिए पहुंचे थे।
भारतीय स्टेट बैंक
रायजादा रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बाहर रोड पर सुबह से ही लोगों की भीड़ थी। कोरोना के खतरे से बेखबर लोग लेनदेन के लिए भीड़ लगाए हुए थे। कई के पास मास्क नहीं था। जो लोग वहां मौजूद थे उन्हें सामाजिक दूरी की चिंता नहीं थी। हर किसी में अपना काम जल्दी कराने की होड़ थी। जिनके पास मास्क नहीं था, उन्होंने बहाने बनाते हुए कहा कि वह घर भूल आए हैं।
बैंक ऑफ इंडिया
कृष्णा टाकीज रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर भीड़ कम थी, लेकिन जो लोग मौजूद थे उनमें अधिकांश मास्क नहीं लगाए हुए थे। पुरानी मैनपुरी निवासी राजेश कुमार से मास्क लगाने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि वह हररोज मास्क लगाते हैं, लेकिन बैंक आने की जल्दी में वह मास्क घर पर ही भूल आए हैं। आगे से ऐसा नहीं होगा।
कोरोना का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। बैंक जाते समय नियमों का पालन करें। सामाजिक दूरी का ध्यान रखें और मास्क जरूर लगाएं। आपकी सतर्कता आपको ही कोरोना संक्रमण से बचाएगी। बैंककर्मी भी सतर्क होकर काम करें।
जोगिंदर पाल, अग्रणी जिला प्रबंधक