आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले बाबा बाल योगी ने माफी तो मांगी, लेकिन अगले ही दिन अपना रुख बदल लिया है। बाल योगी ने एक नया वीडियो जारी किया है। जिसमें उन्होंने साफ-साफ कहा है कि बुजुर्ग होने के नाते अपने शब्दों पर खेद व्यक्त किया था, लेकिन इसे उनकी कमजोरी या झुकना नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह विधायक के खिलाफ मोर्चा खोलने से पीछे नहीं हटेंगे।
आगरा की फतेहपुर सीकरी के वर्तमान विधायक चौधरी बाबूलाल पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। जानकारी के मुताबिक मलपुरा में बाल योगी एक खुले नाले की समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों के बीच पहुंचे थे। जहां उन्होंने चौधरी बाबूलाल को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए विधायक पर टिप्पणी की थी। उसके बाद बाल योगी बुधवार को विधायक के आवास पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने विधायक चौधरी टिप्पणी को लेकर क्षमा मांगी थी। इसके बाद शाम को ही बाल योगी ने एक अलग वीडियो जारी कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि विधायक के समर्थकों ने उनका क्षमा मांगने वाला वीडियो गलत तरीके से पेश किया है।
विज्ञापन
ये था पूरा विवाद
यह पूरा मामला सोमवार का बताया जा रहा है, जब बाल योगी बाबा मलपुरा क्षेत्र के एक गांव में नाले में फैली गंदगी और उससे जुड़ी समस्याओं का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने विधायक चौधरी बाबूलाल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद, बाल योगी की विधायक से बातचीत हुई और बुधवार को वे विधायक के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए माफी मांगी। इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की थी।
'माफी मांगी, लेकिन झुका नहीं'
बाल योगी ने अपने नए वीडियो में स्पष्ट किया कि विधायक ने उन्हें फोन कर चाय के लिए बुलाया था और करीब 15 फोन कॉल आने के बाद ही वे विधायक से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधायक की उम्र का लिहाज करते हुए उन्होंने खेद व्यक्त किया था, लेकिन इसे उनकी कमजोरी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
20 साल से नाले की समस्या
बाल योगी ने दावा किया कि मलपुरा क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से नाले की समस्या बनी हुई है और गंदगी व दुर्गंध के कारण स्थानीय लोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को एक कैंसर पीड़ित बच्चे से मुलाकात के बाद वे भावनाओं में बह गए थे और इसी कारण उन्होंने विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द कह दिए थे।