भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शहर आगमन पर पूर्व सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल का जोरदार स्वागत होगा। उनके स्वागत जुलूस के माध्यम से भाजपा एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी में है। जुलूस को एतिहासिक बनाने के लिए आगरा जिले के अलावा आसपास के शहरों से भी बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक आएंगे।
बता दें, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बघेल का कद बढ़ाते हुए पिछले दिनों उन्हें पिछड़ा वर्ग मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया था। बघेल की पिछड़ी जाति पर अच्छी-खासी पकड़ है। यही वजह है कि सोमवार को शहर आ रहे प्रो. एसपी सिंह बघेल के स्वागत में पिछड़े समाज के भी बड़ी संख्या में लोगों को लाने की तैयारी की जा रही है। वह 20 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे नई दिल्ली से मंगला एक्सप्रेस से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां बैंडबाजों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद जुलूस के रूप में माल रोड, एमजी रोड, वाल्मीकि वाटिका, पचकुइंया होते हुए जयपुर हाउस स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान टैंक चौराहा, प्रतापपुरा चौराहा, साईं का तकिया, धाकरान आदि स्थानों पर उनका स्वागत होगा।
जिला मीडिया प्रभारी केके भारद्वाज के अनुसार, जुलूस में केंद्रीय राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया, सांसद चौधरी बाबूलाल, बृजक्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद दुबे गामा, विधायक योगेंद्र उपाध्याय व जगन प्रसाद गर्ग आदि मौजूद रहेंगे।