अटल आवासीय विद्यालय में संविधान दिवस पर बाबा साहेब के छाया चित्र पर माल्यार्पण करते हुए
आगरा। जिले के फतेहाबाद, बाह, फतेहपुर सीकरी, कागारौल और शमसाबाद क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य था। ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए।
फतेहाबाद की ग्राम पंचायत मेहरा चौधरी में भाजपा नेता महेंद्र वर्मा ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया। खंड विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि कई अन्य ग्राम पंचायतों और अमृत सरोवरों पर भी कार्यक्रम हुए। बाह में पुरा नरहोली से आंबेडकर पार्क तक स्टेट हाईवे पर गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा के समापन पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संकल्प लिया गया। भदरौली के कैंप कार्यालय पर सपाइयों ने डॉ. बीआर आंबेडकर को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
पार्कों और प्रतिमाओं का विकास
शमसाबाद स्थित एनडी डिग्री कॉलेज में फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने युवाओं को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने शिक्षा व खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। बाह विधायक पक्षालिका सिंह ने बिजौली गांव में 9.99 लाख रुपये से आंबेडकर पार्क के सुंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक करोड़ रुपये की लागत से 10 आंबेडकर पार्क व प्रतिमाओं का विकास होगा।
शिक्षा और जागरूकता कार्यक्रम
फतेहपुर सीकरी के कौरई अटल आवासीय विद्यालय में भी संविधान दिवस मनाया गया। प्राचार्या सुनीता वशिष्ठ और अन्य शिक्षकों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शिक्षकों व विद्यार्थियों को संविधान की शपथ दिलाई गई। कागारौल के प्राथमिक विद्यालय कागारौल प्रथम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। प्रधानाध्यापिका रीनू वर्मा ने बच्चों को संविधान निर्माण में लगे 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन की जानकारी दी।
सुंदरीकरण के लिए स्वीकृत धनराशि
कागारौल कस्बे स्थित आंबेडकर बगीची में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत बाबा साहब की प्रतिमा पर छत्रछाया निर्माण और परिसर के सुंदरीकरण के लिए 9 लाख 91 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई।