कासगंज। महाशिवरात्रि पर्व नजदीक आते ही तीर्थनगरी सोरों में कांवड़ियों का आवागमन शुरू होने लगा है। महाशिवरात्रि पर्व के कांवड़ मेले को लेकर कारोबारियों के बीच काफी उत्साह है। दुकानदारों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कोरोना काल में तीर्थनगरी में मेले के आयोजन नहीं हो सके थे। इससे कारोबारियों का कारोबार काफी प्रभावित था। 11 माह के बाद अब फिर से कांवड़ मेला आयोजित हो रहा है। जिससे कारोबारियों को उम्मीद दिख रहे।
पिछले साल फरवरी माह में महाशिवरात्रि पर्व था। उस समय तीर्थ नगरी सोरों में कांवड़ मेले का आयोजन हुआ। उसके बाद मार्च में कोरोना संक्रमण का खौफ छा गया। फिर आयोजनों पर रोक लग गई। श्रावण मेला हो या फिर मेला मार्गशीर्ष, किसी का भी आयोजन नहीं हुआ। ऐसे में मेले में दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को बेहद निराशा मिली और वह परेशान थे, लेकिन अब कोरोना काल में पहली बार फिर से सोरों में कांवड़ मेले का आयोजन हो रहा है। ऐसे में कावड़ की साज सज्जा की दुकानें लग गई हैं। व्यापारी इस मेले से तमाम उम्मीदें लगाए बैठे हैं।