कासगंज। महाशिवरात्रि कांवड़ मेला को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। पुलिस ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। लहरा घाट से लेकर गोरहा तक 18 प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। जहां पुलिस व पीएसी बल तैनात रहेगा। सुरक्षा में सोरों पुलिस के साथ-साथ ढोलना, अमांपुर, सिढ़पुरा, सहावर, गंजडुंडवारा थाने की पुलिस भी तैनात रहेगी। लहराघाट पर पुलिस के साथ-साथ पीएसी भी तैनात रहेगी। तीन वॉच टॉवर भी बनाए जा रहे हैं।
किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए स्टीमर, नाव के साथ गोताखोर 24 घंटे तैनात रहेंगे। एक जेसीबी क्रेन भी घाट पर रहेगी। गोरहा नहर, पुलिस लाइन के समीप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने, मेला ग्राउंड बाईपास, कासगंज गेट तिराहा, कछला चेकपोस्ट, मेलाग्राउंड वाहन पार्किंग, हरि की पदी, स्टेट बैंक तिराहा, लहरा घाट, लहरा गांव, कुष्ठ आश्रम तिराह, ग्राम देवी तिराहा, चक्रतीर्थ तिराहा पर प्वाइंट निर्धारित कर दिए हैं। ये सभी पिकेट स्थल रहेंगे।
मोबाइल टीमें रहेंगी भ्रमणशील
शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए जहां एक ओर प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं वहीं पुलिस की मोबाइल टीमें भ्रमणशील रहेंगी। गोरहा नहर से लहरा घाट तक थार मोबाइल की टीम भ्रमणशील रहेगी जबकि सहावर गेट से पुलिस लाइन तक कस्बा मोबाइल टीम भ्रमण करेगी।
डीएम, एसपी ने किया घाट का निरीक्षण
डीएम सीपी सिंह, एसपी मनोज सोनकर ने लहरा गंगाघाट पहुंचकर व्यवस्थाएं देखी हैं। निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है। अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं कि व्यवस्थाएं दुुरुस्त बनाए रखें। जेसीबी से समतलीकरण का काम पूरा कराएं। वॉच टॉवर से विशेष निगरानी करें। शिवभक्तों को समस्याओं का सामना न करना पड़े।