शमसाबाद में पार्ट्स के गोदाम में लगी आग
शमसाबाद। कस्बे के गांधी चौराहे पर मंगलवार शाम ऑटो पार्ट्स के गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें विकराल हो गईं। फायर ब्रिगेड की दमकलों के पहुंचने से पहले लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स आग की भेंट चढ़ गए।
कस्बे के गांधी चौराहे पर मुन्नीलाल भोगीराम जैन का मकान है। उन्होंने मकान के एक हिस्से को किराए पर दे रखा है। उसमें वाहिद खां ने एस एस ऑटो ट्रेडर्स (बाइकों के प्लास्टिक सामान) का गोदाम बना रखा है। मंगलवार शाम पांच बजे करीब वाहिद पड़ोसी की दुकान पर पैसे लेने गया था। वह वापस लौटकर आया तो दुकान में भीषण आग लगी हुई थी। आग की लपटों को देख आसपास के दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंचती उससे पहले ही आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने बताया आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। पंकज जैन ने बताया कि उन्होंने काफी मात्रा में आलू की चटाइयों का स्टाॅक कर रखा है। गनीमत रही कि आग चटाइयों तक नहीं पहुंची नहीं, तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। आगजनी की घटनाओं को देखते हुए कस्बे के लोगों ने मांग की है। मांग करने वालों में सुभाष चंद्र गुप्ता, एसपी शर्मा, नरेंद्र उर्फ गुड्डा जैन, रामनाथ शर्मा, शिव, शौर्य जैन, एकांश जैन आदि शामिल हैं।
शमसाबाद में पार्ट्स के गोदाम में लगी आग