कासगंज। अलीगढ़ -बदांयू मार्ग पर गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का आटो बिलराम बिजली घर के समीप पलट गया। आटो पलटते ही चीख पुकार मच गई। हादसे में घायल पांच श्रद्धालुओं को राहगीरों और पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। जहां से तीन गंभीर घायल श्रद्धालुओं को अलीगढ़ रेफर कर दिया।
शनिवार की सुबह जनपद अलीगढ़ थाना गंगीरी के हुसेपुर से श्रद्धालु आटो में सवार होकर कछला गंगा घाट पूर्णिमा पर स्नान कर वापस अपने गांव जा रहे थे। जब ऑटो बिलराम बिजली घर के समीप पहुंचा तो वह अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही उसमें सवार लोगों की चीख पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने श्रद्धालुओं को आटो से बाहर निकाला। उसमें सवार मूलचंद्र (50), निर्मला (45) , रामवती (40) पत्नी मूलचंद्र, राजेंद्र प्रसाद (65), राजवीर (45) गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमओ अवध किशोर प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के उचित उपचार के लिए निर्देशित किया और घायलों का हाल जाना। निर्मला, रामवती एवं मूलचंद्र की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कालेज रेफर किया गया।