किशनी। लेखपाल और प्रधान पति के बीच हुई गहमा-गहमी का एक ऑडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौज की जा रही है। मामले में प्रधान पति की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
ग्रामसभा समान के प्रधान पति उमेश शर्मा और क्षेत्रीय लेखपाल प्रशांत यादव के बीच रविवार शाम मोबाइल पर हुई गहमा गहमी अब सार्वजनिक हो गई है। दोनों के बीच गाली गलौज, धमकाने और उकसाने की बातें हो रहीं हैं। मंगलवार को प्रधान पति की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। इसमें कहा है कि फोन कर पर लेखपाल उत्तेजित होकर अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
जब किसी अन्य व्यक्ति से बात कराई तो जान से मारने की धमकी दी गई। प्रधान पति की ओर से पुलिस को ऑडियो भी उपलब्ध कराए गए। वहीं लेखपाल ने प्रधान पति पर अभद्रता का आरोप लगाया है। मामले को लेकर एसडीएम रामसकल मौर्य का कहना है कि वायरल ऑडियो को सुना है। मामला संज्ञान में है, मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।