एटा के सीओ सिटी कार्यालय के बाहर एक युवक ने मोहल्ले के लोगों से हुए विवाद में अपने ऊपर दर्ज एफआईआर रद्द कराने की मांग को लेकर जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
कोतवाली नगर के मोहल्ला अंबेडकरनगर निवासी कुलदीप रविवार की देर शाम को सीओ सिटी कार्यालय पहुंचा। सीओ से शिकायत करते हुए एफआईआर रद्द करने एवं कार्रवाई की मांग की। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ कार्यालय से निकलते ही कुलदीप ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व युवक का मोहल्ले के लोगों से विवाद हो गया था। एक पक्ष ने कोतवाली नगर के बाहर हंगामा किया था जिससे जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने कुलदीप समेत उसके घरवालों पर प्राथमिकी दर्ज की थी। कोतवाली नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।