मैनपुरी। शहर के स्टेशन रोड पर मंगलवार की देरशाम मोहल्ला छपट्टी निवासी युवक का मोबाइल लूटने की कोशिश की गई। छीनाझपटी के दौरान एक बदमाश पकड़ में आ गया। वहीं उसका साथी बाइक लेकर भाग गया। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उत्तरी छपट्टी निवासी अनिल कुमार मंगलवार की शाम स्टेशन रोड पर किसी काम से आए थे। वह पाम होटल के पास खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने की कोशिश की। अनिल ने संभलते हुए छीना झपटी का विरोध किया।
इस दौरान एक बदमाश बाइक से गिर गया। शोर शराबा सुनकर वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और बदमाश को पकड़ने के बाद पिटाई कर दी गई। इस बीच दूसरा साथी बाइक लेकर वहां से भाग गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस बदमाश को पकड़ कर ले गई। अनिल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बुधवार को पकड़े गए बदमाश को न्यायालय में पेश किया।