आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में शुक्रवार रात को शादी समारोह में पत्नी और बच्चों के साथ जा रहे टाइल्स कारोबारी पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। उनको कार से बाहर निकाल लिया और सरिया-डंडों से पिटाई की। कार के शीशे भी तोड़ दिए। लोगों के आने पर हमलावर भाग गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
टाइल्स कारोबारी संजीव गोयल की सिकंदरा बोदला रोड पर टाइल्स की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह कार से शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में उन्हें बाइक और कार सवार कुछ लोगों ने रोक लिया। कार से खींचने की कोशिश करने लगे। बच्चों और पत्नी के शोर मचाने पर कार के शीशे तोड़ दिए।
हमलावर इतने पर भी नहीं माने और उन्हें कार से बाहर निकालकर पीटा। कुछ लोगों के आने पर धमकी देते हुए भाग गए। घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। हमले के पीछे रंजिश की बात सामने आई है।