सदर में आगरा क्लब के पास शनिवार रात को गिट्टी से भरे ट्रक से खनन अधिकारी दिनेश कुमार की गाड़ी में टक्कर मार दी गई। गाड़ी में अधिकारी के अलावा चालक और तीन होमगार्ड मौजूद थे। पांचों की जान बच गई। टक्कर मारने के बाद ट्रक को लेकर चालक फरार हो गया। खनन अधिकारी ने बताया कि वह टीम के साथ ट्रक का पीछा कर रहे थे। इस वजह से हमला किया गया। उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार के मुताबिक शनिवार रात को ग्वालियर हाईवे स्थित रोहता के पास चेकिंग करने बोलेरो से जा रहे थे। गाड़ी में चालक सत्य प्रकाश, होमगार्ड गजाधर सिंह, बिजेंद्र सिंह और पृथ्वी सिंह थे। थाना सदर के पास उन्हें गिट्टी से भरा एक ट्रक दिखा। इस पर ट्रक का पीछा किया। कुछ दूरी पर सफेद रंग की कार बोलेरो के आगे आ गई। इससे बोलेरो नहीं निकल पा रही थी। कार चालक बोलेरो को ओवरटेक नहीं करने दे रहा था।
आगरा: एक लाख रुपये मांगने पर प्रेमिका की हत्या, प्रेमी ने मोबाइल दिलाने को कभी चोरी की थी भैंस
आगरा क्लब के सामने खनन अधिकारी ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने ट्रक धीमा कर दिया। इस पर खनन अधिकारी के चालक ने आगे लाकर बोलेरो रोक दी। मगर, ट्रक के चालक ने बोलेरो में टक्कर मार दी। इसके बाद आगे एमजी रोड की ओर चला गया। टक्कर से बोलेरो के शीशे चकनाचूर हो गए। तीन टायर फट गए। गाड़ी पलटने से बची। सूचना पर थाना सदर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि खनन अधिकारी दिनेश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।