आगरा के थाना जैतपुर के नहटोली गांव में शनिवार की दोपहर चेकिंग करने गई विद्युत विभाग की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। लाठी डंडों से किए गए हमले में संविदाकर्मी नारायन शर्मा घायल हो गए। अवर अभियंता होशराम सिंह समेत अन्य कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने प्रधान सुनील कुमार उर्फ बंटी समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अवर अभियंता ने जैतपुर थाने में दी तहरीर दी। इसमें उन्होंने लिखा कि संयोजन विच्छेदन एवं कटिया हटाओ परिवर्तक बचाओ अभियान के तहत शनिवार दोपहर करीब एक बजे टीम नहटोली गांव में चेकिंग कर रही थी। टीम में उनके अलावा प्रवेंद्र कुमार, अविलाख सिंह, माधव सिंह, श्यामेंद्र शर्मा, नारायन शर्मा थे। तभी सुनील कुमार उर्फ बंटी, ठाकुर दास, राजेश, कुलवीर समेत 6 लोगों ने लाठी डंडों एवं लोहे की सरिया से हमला कर दिया। सिर में सरिया के प्रहार से नारायन शर्मा घायल हो गये। अन्य कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
सूचना पर जैतपुर पुलिस ने घायल संविदा कर्मी का मेडिकल कराया है। साथ ही जेई ने सीओ को भी घटना की जानकारी दी। सीओ के हस्तक्षेप पर जैतपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष जैतपुर अवनीत मान ने बताया कि प्रधान सुनील कुमार उर्फ बंटी आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।