पत्नी ने कहा कि उनके पति बहुत सज्जन व्यक्ति हैं। बहुत ही सीधे हैं। आसपास के सभी लोगों से उनके बारे में पता किया जा सकता है। पत्नी ने बताया कि उनको घर से नहीं पकड़ा गया है। ऑफिस से पति को ले जाया गया है। रविंद्र की पत्नी ने बताया कि उनको एटीएस कोई अपराधी की तरह नहीं ले गई है। उन्होंने कहा कि वह हनी ट्रैप के शिकार हुए हैं। हनी ट्रैप क्या होता है इस बारे में सब जानते हैं।
पत्नी ने कहा कि मेरे पति बहुत सीधे व्यक्ति हैं, उन्हें जाल में फंसाया गया है। पत्नी ने बताया कि उनका मोबाइल भी एटीएस टीम द्वारा चेक किया गया, लेकिन उसमें कुछ भी नहीं मिला।
मालामाल करने का दिया लालच
फिरोजाबाद की आर्डिनेंस फैक्टरी में चार्जमैन के पद पर कार्यरत रविंद्र कुमार की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की हैंडलर नेहा शर्मा से हुई। नेहा शर्मा ने रविंद्र को पहले तो बातों में उलझाया और फिर उससे जरूरी सूचनाएं मांगी और बदले में मालामाल कर देने का वादा किया। यूपी एटीएस ने शुक्रवार को पाकिस्तानी एजेंट को गोपनीय सूचनाएं देने के आरोप में रविंद्र को गिरफ्तार किया। एटीएस को उसके फोन से कुछ जरूरी दस्तावेज मिले।