उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) बुधवार को दो पाली में होगी। आगरा जिले में 54,249 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली की परीक्षा 76 और दूसरी पाली की परीक्षा 45 केंद्रों पर होगी। मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीएड का अंकपत्र प्रमाणित कराने के लिए टीईटी के अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 5:00 बजे तक होगी। पहली पाली में प्राथमिक विद्यालयों के लिए 34,744 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए 19,505 अभ्यर्थियों को शामिल होना है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक से डेढ़ घंटे पहले केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र या फिर परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाना है।