नायब तहसीलदार व पुलिस से हाथापाई करने वाले दुकानदार को ले जाने का प्रयास करती पुलिस
- फोटो : TUNDLA
टूंडला(फिरोजाबाद)। पान वाले की शिकायत पर जांच को पहुंचे नायब तहसीलदार के साथ दुकानदार भाइयों ने अभद्रता कर दी। पुलिस से भी उन्होंने अभद्रता की। पुलिस ने दुकानदारों को गाड़ी में बैठाकर ले जाने का काफी प्रयास किया, किंतु वे सड़क पर ही लेट गए और पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। नायब तहसीलदार ने तहरीर दी है। दीपा का चौराहे पर किराना स्टोर के सामने एक पान की छोटी सी दुकान है। लॉकडाउन में बंद रही पानी की दुकान की किराना दुकानदार ने अपना तख्त डालकर अतिक्रमण कर लिया।
पान वाला दुकान लगाने के लिए तहसीलदार डॉ. गजेंद्रपाल सिंह के पास फरियाद लेकर पहुंचा। तहसीलदार ने नायब तहसीलदार अनीश सिंह को मौका मुआयना के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार ने दुकानदार से अतिक्रमण हटवाने को कहा तो दुकानदार बिफर गये। उन्होंने नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता और हाथापाई कर दी। सूचना पर पुलिस इंस्पेक्टर जेएन अस्थाना पहुंच गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे दुकानदार भाइयों को समझाने का का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस से भी अभद्रता कर दी।
पुलिस ने उन्हें जीप में बैठाकर थाने लेकर जाने का प्रयास किया तो वे सड़क पर ही लेट गए। दुकानदारों को एकत्रित होते देख पुलिस लौट गई। नायब तहसीलदार अनीश सिंह ने दुकानदार भाइयों के विरुद्ध पुलिस में तहरीर दी है। दुकानदार का कहना है कि नायब तहसीलदार ने बिना परिचय दिए उनके साथ अभद्रता करते हुए पुलिस बुला ली और हमें पिटवाया है।