आगरा के अटलपुरम टाउनशिप के फेज-1 में सेक्टर-1 के 322 भूखंडों की लॉटरी ड्रा प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। सूरसदन में पहले दिन ईडब्ल्यूएस, एलआईजी व एचआईजी श्रेणी के 136 भूखंड लॉटरी से आवंटित हुए। बाकी 186 भूखंडों का लॉटरी ड्रॉ मंगलवार को होगा। इसके साथ ही मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार ने सेक्टर-2 व 3 के 374 भूखंडों की बिक्री के लिए पंजीकरण खोल दिए हैं।
सेक्टर-1 में मंगलवार को एमआईजी-1 व 3 श्रेणी के 186 भूखंडों के आवंटन होंगे। करीब एक हजार से अधिक आवेदन आए हैं। सूरसदन में सोमवार सुबह 9:30 बजे से लॉटरी ड्रा निकाले गए। सेवानिवृत्त जज और प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में लॉटरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। आवंटन कमेटी के समक्ष दो बॉक्स रखे गए। एक में आवेदकों की पर्चियां थीं। दूसरे बॉक्स में भूखंडों की पर्चियां डाली गईं, जिन्हें स्कूल के बच्चों ने एक-एक कर निकाला।
फिर कमेटी ने भूखंड और पर्चियों का मिलान किया। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है जिन्हें लॉटरी में भूखंड मिले, उनके आवंटनपत्र सात दिन में जारी हो जाएंगे। जिनके आवेदन निरस्त हुए हैं या जिन्होंने नाम वापस लिए हैं। उनकी जमानत राशि सात दिन में आवेदकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्वालियर हाईवे स्थित ककुआ और भांडई में 138 हेक्टेयर में अटलपुरम टाउनशिप विकसित की जा रही है। पहले चरण में तीन सेक्टर हैं। तीन चरण में टाउनशिप विकसित होगी। लॉटरी ड्रा से पहले मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार ने सूरसदन में सेक्टर-2 और 3 के लिए पंजीकरण शुरू कराए। 374 भूखंडों के लिए सात नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन व पंजीकरण होंगे। 29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर भूखंड की दर निर्धारित की गई है।