उच्च प्राथमिकी विद्यालय तिवाहा में शराब के नशे में कुर्सी पर बैठे सहायक अध्यापक
आगरा। विकास खंड फतेहाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय तिवाहा में सोमवार को एक सहायक अध्यापक नशे की हालत में पाया गया। कुछ लोगों ने शिक्षक का नशे में धुत हालत में वीडियो वायरल कर दिया। इस पर उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया।
भाकियू (चौधरी चरण सिंह) के जिला प्रवक्ता प्रदीप कुमार गुर्जर स्कूल चलो अभियान के तहत गांव के विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। भाकियू पदाधिकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक नशे में लड़खड़ाते हुए नजर आए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। बीएसए ने सहायक अध्यापक हरमेश कांत को निलंबित करके जांच फतेहपुर सीकरी के खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमाकांत सिंह ने बताया कि संबंधित शिक्षक के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी थीं लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। वहीं विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।