मैनपुरी। कांशीराम कॉलोनी नगला कीरत और आजाद नगर के 527 आवासों में सामने आई धांधली के बाद प्रशासन आसरा आवासों का भी सत्यापन कराएगा। करहल रोड पर बनाए गए आसरा आवासों में आवास विहीन गरीब लोगों को पात्रता केे आधार पर आवास दिए गए हैं। सत्यापन के लिए पांच विभागों की टीम बनाई जाएगी। जांच के बाद रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।
कांशीराम कॉलोनी में आवास पाने वाले तमाम लोगों द्वारा आवंटित आवास किराए पर उठाने तथा कई आवासों में लंबे समय से ताला बंद होने के मामले सामने आए हैं। सत्यापन में चिन्हित किए गए 527 आवासों के आवंटियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। 10 अगस्त तक डूडा कार्यालय में उनको अपना जवाब दाखिल करना है। कांशीराम कॉलोनी में धांधली सामने आने के बाद प्रशासन ने आसरा आवासों का भी सत्यापन कराने का निर्णय लिया है।
करहल रोड स्थित आसरा आवास में 33 ब्लॉक में बनाए गए 396 आवासों में पात्रता के आधार पर आवास विहीन गरीब लोगों को आवास आवंटित किए गए हैं। आसरा आवासों को भी किराए पर उठाए जाने की शिकायत पर प्रशासन ने आसरा आवासों में रहने वालों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया है। सत्यापन करने के लिए डूडा, तहसील, नगर पालिका, राजस्व विभाग, संबधित पुलिस की टीम बनाई जाएगी।
आसरा आवासों का भौतिक सत्यापन कराने के लिए पांच विभागों की टीम गठित होगी। आवंटियों द्वारा की गई धांधली का सत्यापन में ही खुलासा होगा। नोटिस के बाद आवंटियों के जवाब मिलने के बाद आवंटित आवास निरस्त तक करने की कार्रवाई की जाएगी।
आरके सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा