दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव में एएसपी के साथ भ्रमण करता अद्र्ध सैनिक बल।
मैनपुरी। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर राहुल मिठास ने विधानसभा करहल उपचुनाव को लेकर दन्नाहार क्षेत्र में पैरामिलिट्री के साथ संवेदनशील पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग किए जाने की बात कही।
अपर पुलिस अधीक्षक के साथ थानाध्यक्ष दन्नाहार चंद्रपाल सिंह और अर्द्धसैनिक बल भी मौजूद थे। गांव जवापुर, रठेरा, टिंडौली, कल्होर पुरवा, नादऊ, बरौली आदि गांव में भ्रमण के दौरान पोलिंग बूथों की स्थिति देखी। स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर पूर्व में हुई घटनाओं आदि के बारे में जानकारी ली।
ग्रामीणों से कहा कि मतदान आपका अधिकार है और इसका बेहद सावधानी और सतर्कता के साथ प्रयोग करें। आप जिसे भी चाहें मतदान करें, लेकिन किसी के दबाव या प्रलोभन में आकर अपने वोट का दुरुपयोग न होने दें। एसपी ने कहा कि यदि कोई डराता धमकाता है या किसी अन्य प्रकार से मतदान करने से रोकता है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल व अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे। इसलिए सभी निर्भीक होकर अपने मतदान केंद्र पर जाएं और मतदान करें।