ताजमहल और ऐतिहासिक स्मारकों की वर्षों तक सेवा करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी कालीचरण को एएसआई ने अनूठा सम्मान दिया। विश्व धरोहर सप्ताह के शुभारंभ पर उनसे ताजमहल के रॉयल गेट के पास लगी छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कराया गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
जिस ताजमहल और ऐतिहासिक धरोहरों की सेवा में जिंदगी के अनमोल साल गुजार दिए, बृहस्पतिवार को उसी ताज के आंगन में सेवानिवृत्त कर्मचारी कालीचरण को अनूठा सम्मान मिला।
विज्ञापन
विश्व धरोहर सप्ताह के शुभारंभ पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजमहल के रॉयल गेट के पास स्थित दालान में छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई। इस मौके पर विभाग ने किसी बड़े अधिकारी या वीआईपी के बजाय अपने सेवानिवृत्त एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) कर्मचारी कालीचरण से फीता कटवाकर प्रदर्शनी का उद्घाटन कराया। अधिकारियों के इस आत्मीय और सम्मानजनक कदम से वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो उठा।
वर्षों तक स्मारकों की देखरेख करने वाले कालीचरण की आंखें भी इस अपनत्व से नम दिखीं। प्रदर्शनी में देश की विरासत, प्राचीन स्थापत्य कला और स्मारकों के संरक्षण की यात्रा को दुर्लभ चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है, जिसे देखने के लिए पर्यटकों में भी खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में सीए कलंदर बिंद के साथ डिप्टी एसएच सुरेश चंद मीना, डिप्टी एसएई सुरेश कुमावत, एएसएई गौतम चौहान, एचए जितेंद्र सोलंकी और फोटोग्राफर मोहित आदि मौजूद रहे।