उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक जनसभा को संबोधित करने आए ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तिहादुल मुसलमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर ताजमहल को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही पीएम मोदी के लिए भी कहा कि वे लाल किले पर झंडा क्यों फहराते हैं।
फिरोजाबाद के मुस्लिम बहुल क्षेत्र आकाशवाणी रोड पर जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने ताजमहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लगाई गई झाड़ू को लेकर तंज कसा। ओवैसी बोले कि झाड़ू लगानी ही है तो अपनी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों के दिमाग में मुस्लिमों के प्रति लगे जाले को साफ करने को झाडू लगाएं।
ताजमहल पर चल रही बहस को लेकर ओवैसी बोले कि ताजमहल में जैसी नक्काशी है, उस जैसा एक पत्थर ही कोई बना कर दिखा दे। 500 साल पुरानी इमारतों से इतनी नफरत है तो प्रधानमंत्री लालकिले से झंडा क्यों फहराते हैं।
यूपी के अपनी सियासी जमीन तलाश रहे ओवैसी ने सभा में सपा को भी आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि सपा को मोदी की दाड़ी से नहीं ओवैसी की दाड़ी से डर लगता है।