कासगंज । जिले में पंचायत चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होना है। चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया रविवार को पूरी कर ली गई। उम्मीदवारों ने चुनाव चिह्न मिलते ही चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी है। तमाम प्रत्याशियों ने रात में ही प्रिंटिंग प्रेस से अपने अपने चुनाव चिह्न के साथ प्रचार सामग्री तैयार करा ली, और एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में प्रचार शुरू कर दिया है ।
उम्मीदवारों को वाहनों की अनुमति की चिंता नहीं है वह बिना अनुमति के ही अपने वाहन दौड़ा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में चुनाव प्रचार चरम की ओर है तमाम लोग डीजे कलाकारों के साथ अपना प्रचार कर रहे हैं तो तमाम उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ वाहनों की रैली निकाल रहे हैं और वोट मांग रहे हैं। प्रत्याशियों की कोशिश है ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच उनका चुनाव चिह्न पहुंच जाए। इसके लिए प्रत्याशियों ने बैनर, पोस्टर ,बिल्ले आदि तैयार कराए हैं। पूरे जिले में चुनाव प्रचार चरम पर है।
इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ,भारतीय जनता पार्टी बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने जिला पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों को अपना समर्थन देते हुए प्रत्याशी घोषित किया है। इन दलों के नेता भी अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। पार्टी के नेताओं की मीटिंग जगह-जगह आयोजित हो रही है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव का कहना है कि चुनाव प्रचार के लिए समय कम है अधिक से अधिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों से रूबरू होना है इसलिए तेजी से प्रचार किया जा रहा है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष के पी सिंह का कहना है कि पार्टी के पदाधिकारी अलग-अलग स्थानों पर समर्थित प्रत्याशियों के लिए सभाएं कर रहे हैं और वोट मांग रहे हैं। बसपा के जिलाध्यक्ष राज कुमार जाटव के साथ बसपा नेता भी चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अदनान खान अपनी टीम के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हैं।