करहल (मैनपुरी)। गांव तिलियानी में 30 मार्च को दो पक्षों के बीच विवाद में बीच बचाव करने के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सोमवार को पुलिस ने उक्त मामले में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव कैरावली निवासी नीरज प्रताप सिंह 30 मार्च को अपने भाई धर्मेंद्र, अवनीश व गौरव के साथ गांव तिलियानी निवासी दिलीप यादव की लेजम लौटाने के लिए पहुंचा था। वहां पहुंचने पर देखा कि दिलीप, विमल यादव, रामनिवास, रामसेवक और हनुमंत सिंह के बीच झगड़ा हो रहा था। उसने जब बीच बचाव किया तो विमल ने उसे तमंचा से गोली मार दी थी। वहीं भाइयों के साथ मारपीट की गई थी। गोली लगने से घायल नीरज की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि एक आरोपी हनुमंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।