सेना के कर्मचारी के मोबाइल में एयरपोर्ट की फ्लाइट शेड्यूल से संबंधित गोपनीय दस्तावेज की फोटो मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आशंका है कि उसने यह सूचनाएं किसी को दी हैं। सेना और पुलिस के खुफिया विभाग के अधिकारियों ने उससे कई घंटे पूछताछ की। पूछताछ के बाद कर्मचारी को शाहगंज थाने के हवाले कर दिया गया जहां से उसे जेल भेजा गया। शहर में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के संभावित दौरे के मद्देनजर इस घटना को काफी गंभीर माना जा रहा है।
मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर स्थित काकड़ा निवासी उदयवीर (55) यहां मिलट्री स्कूल में कार्यरत था। कैप्टन गजेंद्र सिंह डोंगर को सूचना मिली थी कि उदयवीर के मोबाइल में कई गोपनीय दस्तावेज की फोटो हैं। इस पर उन्होंने सूचनाओं के लीक होने का अंदेशा जताया। सेना की इंटेलीजेंस ने जांच की तो मामला सही निकला। कर्मचारी के मोबाइल मेें जो फोटो मिले हैं वे एयरपोर्ट से संबंधित डाटा और 2015 व 2016 के शेडयूल हैं। इनमें कई वीआईपी शेड्यूल भी हैं। ये दस्तावेज गोपनीय होते हैं और किसी कर्मचारी के पास नहीं हो सकते। शक है कि उसने यह फोटो किसी और को देने के लिए उतारे या हासिल किए थे। ये किसको दिए गए, यह जानने के लिए आर्मी इंटेलीजेंस के अधिकारियों ने उससे कड़ी पूछताछ की। मोबाइल को जब्त कर लिया गया। शाहगंज थाने में भी उदयवीर से आईबी और एलआईयू के अफसरों ने कई घंटे तक पूछताछ की। इंस्पेक्टर शाहगंज जयपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 2/5 इंडियन आफिशियल सीक्रेट एक्ट 1923 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।