बेवर (मैनपुरी)। सराफा व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की। इस पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों ने ही बुधवार को मुख्य बाजार में फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। पुलिस ने तीनों को चालान कर जेल भेजा है।
थाना क्षेत्र निवासी सराफा व्यवसायी व प्रॉपर्टी डीलर राजीव मिश्रा बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे थे। तभी वहां मौजूद एक युवक से थाना क्षेत्र निवासी जुनैद उर्फ बाबर, आशीष शर्मा व तौहीद का विवाद हो गया। बीच बचाव के दौरान आरोपियों ने युवक को छोड़ राजीव पर जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायर कर दिए। हमले में व्यवसायी बाल बाल बच गए थे। वहीं फायरिंग से मुख्य बाजार में दहशत फैल गई थी।
घटना से गुस्साए व्यापारियों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर इंस्पेक्टर जसवीर सिंह सिरोही ने पुलिस बल के साथ बझेरा गांव के पास घेराबंदी कर दी। आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस ने फायरिंग कर रहे तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से तीन तमंचे व पांच कारतूस बरामद हुए। पुलिसस ने पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पकड़े गए जुनैद उर्फ बाबर पर पहले भी जानलेवा हमले का एक मामला दर्ज है। सभी आरोपियों को चालान करने के बाद जेल भेजा गया है।
जसवीर सिंह सिरोही, इंस्पेक्टर