मुर्गा फाटक ओवरब्रिज पर हुए हादसे के कारण दोनों तरफ जाम लग गया। काफी देर तक जाम लगा रहा लेकिन सदर बाजार पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। करीब आधे घंटे तक पुलिस के न पहुंचने पर सेना के जवानों ने रेस्क्यू करने के बाद जाम खुलवाने का भी काम किया। जवानों ने कुछ ही देर में जाम खुलवा कर आवागमन सुचारु किया।
हादसे के बाद हाइड्रा चालक हुआ फरार
हादसा जिस जगह हुआ वह छावनी क्षेत्र में है और स्ट्राइक 1 कोर के मुख्यालय के सामने था। वहां सैनिक ट्रेनिंग कर रहे थे। सदर बाजार पुलिस ने हाइड्रा को अपने कब्जे में ले लिया, वहीं उसका चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर ने बताया कि एक मोपेड सवार घायल हुआ है। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
भाजपा पार्षद ने की मांग, लगे ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी
डैंपियर नगर के भाजपा पार्षद राजेश सिंह पिंटू का कहना है कि आए दिन इस ओवरब्रिज के पास हादसे होते रहते हैं। ट्रैफिक पुलिस को यहां पर स्थायी रूप से ड्यूटी लगानी चाहिए, जिससे कि वाहन यातायात के नियमों का पालन करके चल सके। जल्द ही ऐसा कदम नहीं उठाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर से मांग की है कि ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए।