बुधवार सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल लिया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रात आठ बजे तक चलता रहा। बारिश से मैदान पर फिसलन हो गई। कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज भर्ती स्थल के बाहर हाईवे पर जलभराव हो गया। प्रवेश द्वार और पंडाल में भी पानी भर गया।
आगरा के सिकंदरा के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में फिसलन और जगह-जगह जलभराव के अलावा बुधवार को बारिश भी देश सेवा का जुनून लेकर अग्निवीर बनने पहुंचे नौजवानों के बुलंद हौसलों को नहीं डिगा पाई। सेना भर्ती के दूसरे दिन बारिश व्यवस्थाओं में खलल डालती रही तब भी जोश और जज्बे से लबरेज युवा सैनिक बनने को आतुर नजर आए।
विज्ञापन
10 अक्तूबर तक चलने वाली अग्निपथ सेना भर्ती का बुधवार को दूसरा दिन था। झांसी, जालौन व कालपी क्षेत्र से 8200 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। रात 12 बजे भर्ती के लिए प्रवेश शुरू हुआ तो 5321 नौजवान पहुंचे। करीब 2879 युवा गैर हाजिर रहे। पहुंचने वालों के दस्तावेज जांचकर फिजिकल टेस्ट कराया गया। भोर में दौड़ में अग्निवीरों ने पसीना बहाया। बृहस्पतिवार को इटावा की ताखा व भरथना और जालौन की उरई, माधौगढ़ और कौंच तहसील क्षेत्र के युवाओं की भर्ती होगी।
बुधवार सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल लिया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रात आठ बजे तक चलता रहा। बारिश से मैदान पर फिसलन हो गई। कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज भर्ती स्थल के बाहर हाईवे पर जलभराव हो गया। प्रवेश द्वार और पंडाल में भी पानी भर गया। दोपहर में अफसरों के साथ व्यवस्था देखने पहुंचे डीएम नवनीत सिंह चहल ने जलभराव दूर कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम सिटी अंजनी कुमार, एसपी सिटी विकास कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, सेना व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
युवाओं को रही प्रपत्रों की चिंता
भर्ती में पहुंचे युवाओं को बारिश में दस्तावेज व प्रमाणपत्र भीगने की चिंता सताती रही। खुद को बचाने की बजाय युवा कागजों को सुरक्षित करते नजर आए।