20एमएनपी-35- घिरोर थाने में एसडीएम और थानाध्यक्ष से विरोध जताने जाते शिक्षक
- फोटो : MAINPURI
घिरोर। घिरोर थाना पुलिस ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला ओय में शस्त्र फैक्टरी संचालित होने का गुरुवार को खुलासा किया था। शुक्रवार को घिरोर क्षेत्र के शिक्षक नेताओं ने एसडीएम और थाना प्रभारी से मुलाकात की।
उन्होंने पुलिस के खुलासे पर सवाल खड़े किए। शिक्षक नेताओं ने कहा कि पुलिस शिक्षा विभाग को बदनाम करने का काम कर रही है। युवकों को दूसरी जगह से पकड़ा गया। स्कूल में किसी प्रकार की फैक्टरी नहीं पकड़ी गई है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. कमलेश यादव के नेतृत्व में शिक्षक एकत्रित होकर थाने पहुंचे। जहां मौजूद एसडीएम अनिल कुमार कटियार और थाना प्रभारी आदित्य कुमार से विद्यालय को घटनास्थल दर्शाने के लिए विरोध प्रकट किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश यादव ने कहा कि ग्रामीणों ने पुलिस को गलत स्थान बताकर गुमराह किया। घटनास्थल को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बताया जो सरासर गलत है। इसका शिक्षक संगठन विरोध करता है और यदि विद्यालय के नाम को घसीटा गया और संबंधित शिक्षकों से कोई पूछताछ की गई तो संगठन इसके विरोध में उच्च अधिकारियों से बात करेगा।
जिला अध्यक्ष राजीव कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण और पुलिस मिलकर विद्यालय के शिक्षकों के खिलाफ राजनीति न करें अन्यथा की स्थिति में शिक्षक संगठन शिक्षकों के पक्ष में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा और इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। प्रदेश मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिस तरह से पूर्व माध्यमिक विद्यालय को शस्त्र फैक्टरी के रूप में पुलिस द्वारा दर्शाया गया है यह निंदनीय है। एसडीएम ने भविष्य में बिना पूरी जांच के स्कूल का नाम शामिल न किए जाने की आश्वासन दिया। इस मौके पर सतीश मधुप, महेश आर्य, दिनेश कुमार, मेघ सिंह, विजेंद्र, अनिल कुमार, मनोज शाक्य, देशदीपक, दिनेश चंद्र आदि शिक्षक मौजूद रहे।