हुनर हाट के मुक्ताकाशीय मंच पर शनिवार की रात दर्शक राजस्थानी लोकगीतों पर झूम उठे, तो वहीं हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के चुटकुलों ने लोगों को लोटपोट कर दिया। इस दौरान मेघवाल ने पद्मश्री उस्ताद अनवर खान के साथ जुगलबंदी भी दर्शकों के खूब मनभाई।
आगरा की हुनर हाट के मुक्ताकाशीय मंच पर शनिवार को केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने राजस्थानी लोक गायक पद्मश्री उस्ताद अनवर खान के साथ जुगलबंदी पधारो म्हारे देस समेत कई लोकगीत प्रस्तुत करके वाहवाही लूटी। हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव की मिमिक्री ने दर्शकों को हंसाया तो बॉलीवुड गायक रूप कुमार राठौर व सोनाली राठौर के तराने गूंजे।
विज्ञापन
महफिल की शुरुआत केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मेघवाल व राजस्थानी लोक गायक उस्ताद अनवर खान मांगणियार के साथ प्रभु राम, कृष्ण और मीरा के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मेघवाल और अनवर की कमाल की जुगलबंदी पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं। पधारो म्हारे देस की प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे। इसके बाद पार्श्व गायक रूप कुमार व सोनाली राठौर ने संदेशे आते हैं, रब ने बना दी जोड़ी, तुझमें रब दिखता है यारा जैसे सुपरहिट नगमों की प्रस्तुतियां देकर लोगों को बांधे रखा।
अंत में कॉमेडी का तड़का लगाया जाने माने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने। राजू श्रीवास्तव ने अपने ख़ास अंदाज से लोगों को खूब हंसाया। राजू की मिमिक्री का अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया।
सहपाठी व उस्ताद को भेंट किया चेक
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने अनवर खान को एक लाख और अन्य कलाकारों को 25-25 हजार रुपये की राशि के चेक भेंट किए। अनवर खान, मंत्री के सहपाठी भी रह चुके हैं। आयोजन समिति ने केंद्रीय मंत्री व कलाकारों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।