आगरा। उत्तर प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आगरा, अलीगढ़ और झांसी मंडल के अभ्यर्थियों के लिए प्रारंभिक चयन ट्रायल 21 मई से एकलव्य स्टेडियम में होंगे।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि लखनऊ, गोरखपुर, सैफई और सहारनपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन वेबसाइट SPORTSCOLLEGELKO.IN के माध्यम से http://khelsathi.in पर किए जा रहे हैं। आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित है और यू-डायस पोर्टल से जारी पैन नंबर अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी ट्रायल से 48 घंटे पहले तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रारंभिक चयन ट्रायल 21 और 22 मई को सुबह सात बजे से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। इन ट्रायलों में हॉकी, जूडो, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक्स, कुश्ती, बैडमिंटन (बालक वर्ग), क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, तैराकी, हैंडबॉल और भारोत्तोलन की स्पर्धाएं होंगी।
आयु सीमा और आवेदन प्रक्रिया
कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2017 के बीच होनी चाहिए। कक्षा नौ के लिए जन्मतिथि एक अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2014 के बीच निर्धारित है। जबकि कक्षा ग्यारह के लिए जन्मतिथि एक अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2011 के बीच होनी अनिवार्य है।