आगरा। श्रम विभाग में पंजीकृत और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अटल आवासीय विद्यालय कौरई फतेहपुर सीकरी में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 31 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे।
अटल आवासीय विद्यालय आगरा में होने वाली कक्षा 6 व 9 की प्रवेश परीक्षा की तैयारियों के संबंध में मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने मंडलीय अनुश्रवण समिति की बैठक की। उप श्रम आयुक्त सियाराम ने बताया कि परीक्षा के लिए मंडल के चारों जनपद में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। 31 जनवरी तक पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन लिए जाएंगे। मंडलायुक्त ने पंजीकृत श्रमिकों की सूची संबंधित शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे ज्यादा से ज्यादा श्रमिक परिवार के बच्चों का आवेदन करवाया जा सके।
प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा चयन
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में 80 बालक और बालिकाओं का प्रवेश लिया जाएगा। वहीं, कक्षा नौ में 67 सीट है। इसलिए 34 बालक और 33 बालिकाओं का प्रवेश लिया जाएगा। प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को किया जाएगा। कक्षा छह की सुबह 11 बजे और कक्षा नौ की प्रवेश परीक्षा दोपहर एक बजे से आयोजित की जाएगी। आगरा के साथ फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी जिले के पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
यह है पात्रता
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश उन्हीं विद्यार्थियों को दिया जाएगा, जिनके अभिभावक निर्माण श्रमिक हैं और श्रम विभाग में पंजीकृत हैं। कोविड-19 संक्रमण से अनाथ हुए बच्चे, जिनका महिला व बाल कल्याण विभाग में पंजीयन हो या मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र हो। साथ ही जन्मतिथि, आय, निवास व अन्य आवश्यक पात्रता शर्तों का पालन अनिवार्य होगा। चयनित छात्रों को विद्यालय में निशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, यूनिफाॅर्म, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।