मैनपुरी। पोस्ट ऑफिस में रजिस्टर्ड डाक का समय बढ़ाने को स्थायी लोक अदालत में एक अधिवक्ता ने शिकायत की है। साथ ही पोस्ट ऑफिस का स्टाफ बढ़ाने को भी प्रार्थना पत्र दिया गया है।
अधिवक्ता देवेंद्र सिंह कटारिया ने बताया कि कोर्ट के कार्य व अधिवक्ताओं के लिए रजिस्टर्ड डाक की सुविधा देने को कोर्ट परिसर में पोस्ट ऑफिस का निर्माण कराया गया है। पोस्ट ऑफिस से वादकारियों, उपभोक्ता फोरम, स्थायी लोक अदालत के नोटिस रजिस्टर्ड डाक द्वारा भेजे जाते है। इसका समय दोपहर 2 बजे तक होता है।
शनिवार को समय 12.30 बजे तक ही है। वहीं, कोर्ट का समय 5 बजे तक का है। इसके चलते अधिवक्ताओं को असुविधा होती है। पोस्ट ऑफिस में स्टाफ भी कम है। जनहित में स्थाई लोक अदालत में प्रधान पोस्ट मास्टर जेल चौराहा व डाक अधीक्षक कलेक्ट्रेट परिसर के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है। स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष शाम कुमार व सदस्य एकता मिश्रा ने दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने की तिथि 4 फरवरी नियत की है।