आगरा। ब्रजमोहन बंसल की स्मृति में आयोजित आगरा अंतर सोसाइटी लीग के पहले सत्र में अपर्णा प्रेम फाइटर्स ने फाइनल में जगह बना ली। रविवार को चाहर क्रिकेट मैदान, मघटई में खेले गए दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में टीम ने एंथम वॉरियर्स को 14 रन से शिकस्त दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अपर्णा प्रेम फाइटर्स ने आठ विकेट पर 168 रन बनाए। पुष्पराज नेगी ने 41 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली जबकि देवेंद्र सिंह ने 15 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 28 रन बनाए। अंतिम ओवरों में देवेश शर्मा ने 13 गेंदों पर तीन छक्कों और एक चौके की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। एंथम वॉरियर्स के विवेक ने तीन और कप्तान निकू ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एंथम वॉरियर्स की टीम आठ विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी। प्रभु ने 16 गेंदों पर 31, केसी और गौरव गुप्ता ने 21-21 रन बनाए। अपर्णा प्रेम फाइटर्स के आशीष राजपूत ने दो विकेट चटकाए। देवेश शर्मा, ऋषि पाल सिंह, सतीश पाठक और कपिल सोलंकी को एक-एक सफलता मिली। देवेश ने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ अपर्णा प्रेम फाइटर्स ने लगातार दो नॉकआउट मुकाबले जीतकर खिताबी भिड़ंत का टिकट हासिल किया। प्रतियोगिता का फाइनल 1 नवंबर को दोपहर 12 बजे मघटई में खेला जाएगा। इसमें अपर्णा प्रेम फाइटर्स और आईएमएचएच अनप्रेडिक्टेबल्स की टीमें ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।