मथुरा के कस्बा कोसीकलां में अमर उजाला के अभियान अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के तहत मंगलवार को गांधी पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं और युवतियों को योगाभ्यास, ध्यान, प्राणायाम और मंत्रोच्चारण से आत्मविश्वास जागृत करने के लिए प्रेरित किया गया।
योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ पतंजलि योग पीठ जिला प्रभारी डॉ. अमर सिंह पौनियां, योग शिक्षक मंजम अग्रवाल एवं शिवम सोनी ने गायत्री मंत्र के उच्चारण से किया। योग ट्रेनर ने महिलाओं ने शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के आसन बताए।
पेट एवं कमर तथा गुर्दों की बीमारी से सुरक्षा को लेकर योगाभ्यास सिखाया गया। इस मौके पर डॉ. पौनिया ने कहा कि वेदों से यज्ञ, योग और आयुर्वेद की जो संपदा ऋषि मुनियों ने दी है, उसे जीवन आचरण में अपनाएं। योग को अपनाकर महिलाएं दृढ़ और निरोगी बनें।
उन्होंने कहा कि नारी के सम्मान से ही समाज और राष्ट्र का सशक्त बनेगा। वहीं महिलाओं ने अपराजिता मुहिम को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया। योग शिविर में सुनीता, रेनू, सुमन, सरोज, आशा, हिमांशी समेत तमाम महिलाएं शामिल हुईं।