मैनपुरी। शासन ने ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों की एंटीबॉडी की जानकारी करने के लिए सीरो सर्विलांस अभियान चलाया है। अभियान के तहत जिले के 31 गांव को चिह्नित किया गया है। इन गांवों के 24-24 लोगों के खून के नमूने जांच के लिए लिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग चिह्नित गांवों में तीन दिन तक अभियान चलाएगा। अभियान के पहले दिन बुधवार को आठ गांवों में अभियान चलाकर नमूने लिए गए।
जिले में सीरो सर्विलांस के तहत शासन ने आठ ब्लॉकों के 31 गांव चिह्नित किए हैं। शासन के निर्देश पर गांवों में नौ से 11 जून तक अभियान चलाकर लोगों की एंटीबॉडी का पता लगाया जाए। एंटीबॉडी की जांच के लिए खून के नमूने लिए जाएंगे। बुधवार को सीएमओ डॉ. एके पांडेय की देखरेख में जिले के आठ विकास खंडों के एक-एक गांव में अभियान चलाकर 24-24 लोगों के नमूने लिए गए।
मैनपुरी ब्लॉक के गांव हलपुरा में सीरो सर्विलांस अभियान का सीएमओ डॉ. एके पांडेय, डॉ. राजीव रॉय, डॉ अनिल यादव और रविंद्र सिंह गौर ने स्थलीय निरीक्षण किया। यहां डॉ. पपेंद्र कुमार, डॉ. विवेक कुमार, एलटी पूनम, मीना, आशा माला और संगिनी रानी मौजूद रहीं। ब्लॉक बरनाहल के गांव प्रहलादपुर, करहल के गांव गोपालपुर का भी सीएमओ ने स्थलीय निरीक्षण किया।
------
प्रत्येक गांव के चार मोहल्ले चिह्नित
सीरो सर्विलांस अभियान के तहत शासन ने 33 गांवों को चिह्नित किया है। इन गांवों को चार भागों में बांटा गया है। पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण गांव की चारो दिशाओं के चार मोहल्ले चिह्नित कर प्रत्येक मोहल्ले से छह-छह लोगों के खून के नमूने लिए जा रहे हैं। इन छह लोगों में दो महिला, दो पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं।
-------
सीरो सर्विलांस के तहत शासन से चिह्नित गांवों में नमूने लेने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले दिन जिले के आठ गांवों से नमूने लिए गए हैं।
डॉ. एके पांडेय सीएमओ