लखनऊ से आई एंटी करप्शन विभाग की टास्क फोर्स ने बुधवार को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते शमसाबाद के लहर पट्टी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि प्रधानाध्यापक डीएलएड छात्र को ट्रेनिंग कराने के लिए दस हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था, जिसकी शिकायत छात्र ने एंटी करप्शन विभाग में की थी। इस पर डीआईजी एंटी करप्शन ने लखनऊ से टास्क फाेर्स को भेजा था। आगरा और लखनऊ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीआईजी एंटी करप्शन, लखनऊ राजीव मल्होत्रा ने टास्क फोर्स को भेजा था। थाना हरी पर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के मुताबिक, शमसाबाद के मोहल्ला हरसहाय खिड़की निवासी विष्णु चौहान ने लहरपट्टी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक भैरव नाथ झा निवासी बास महुआ, शमसाबाद के खिलाफ शिकायत की थी। विष्णु चौहान का आरोप था कि डीएलएड प्रथम सेमेस्टर का प्रशिक्षण प्राथमिक विद्यालय लहर पट्टी में कराने के लिए प्रधानाध्यापक उससे दस हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है।
आरोपी शिक्षक की जांच कराने पर शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लखनऊ से एंटी करप्शन विभाग की टास्क फोर्स भेजी गई थी। टास्क फोर्स के निरीक्षक इश्तियाक वारसी और आगरा एंटी करप्शन विभाग के निरीक्षक संजय यादव की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार की दोपहर आरोपी प्रधानाध्यापक भैरव नाथ झा को दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ हरीपर्वत थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसे मेरठ की विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।