बवाल में क्षतिग्रस्त हुईं थीं कई गाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के पिनाहट में चंबल का दायरा घटाने की मांग को लेकर निकाली जा रही रैली के दौरान मंगलवार को हुए बवाल के मामले में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें पूर्व ब्लाक प्रमुख सुग्रीव चौहान सहित 155 आरोपी बनाए गए हैं। इससे पहले पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह और पूर्व ब्लाक प्रमुख के खिलाफ एक-एक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, गांव पड़ुआपुरा निवासी रामनरेश परिहार पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह के समर्थक हैं। उन्होंने पिनाहट थाने में तहरीर दी थी। इसमें लिखा कि सात दिसंबर को पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह की ओर से रैली निकाली जा रही थी। दोपहर तकरीबन 12:30 बजे लोग इकट्ठा हो गए थे। लोगों को पूर्व मंत्री जानकारी दे रहे थे। तभी पूर्व ब्लाक प्रमुख सुग्रीव चौहान अपनी 12-15 हूटर लगी गाड़ियों में निकले। वह हूटर बजाने लगे।
यह लगा आरोप
विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह गहलोत ने माइक से पुलिस को कहा कि हूटर बंद कराया जाए। शांतिपूर्वक गाड़ियों को निकाल दें। आरोप है कि सुग्रीव चौहान ने फायरिंग करते हुए अपने 154 साथियों के साथ हमला बोल दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट की। गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए पथराव कर दिया। जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।