ताजनगरी में 27 और 28 जुलाई को देशभर से महापौर जुटेंगे। ऑल इंडिया मेयर काउंसिल का 50वां वार्षिक अधिवेशन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्तर प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष नवीन जैन समेत पूरा नगर निगम जुट गया है।
उत्तर प्रदेश में पहली बार हो रहे ऑल इंडिया मेयर काउंसिल के अधिवेशन में शहरी स्थानीय निकायों के अधिकार बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री से लेकर केंद्र और राज्य सरकार के तमाम मंत्रियों को न्योता भेजा गया है।
27 जुलाई यानी शनिवार को शुभारंभ कार्यक्रम है, जिसमें तमाम मुद्दों पर चर्चा होगी। 28 जुलाई को महापौर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव होगा। अब तक ऑल इंडिया मेयर काउंसिल के अध्यक्ष ग्वालियर के सांसद विजय शेजवलकर हैं, जो अभी तक शहर के मेयर थे।
आगरा महापौर नवीन जैन ने बताया कि ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि इतना बड़ा कार्यक्रम हमारे शहर में हो रहा है। अधिवेशन में एक तरफ जहां ऑल इंडिया मेयर काउंसिल के अध्यक्ष का चुनाव होगा तो वहीं महापौरों के अधिकारों को भी बढ़ाने पर चर्चा होगी।