Congress District President Ramnath Singh Sikarwar addressing the 60th day protest in Saiya and
सैंया। जिला भूमि विकास बैंकों के बिचौलियों के माध्यम से किसानों को अधूरी ऋण राशि देने और अब अदायगी के नाम पर लाखों रुपये वसूल कर उनका शोषण करने का मामला गरमा गया है। सैंया में दिए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने में बुधवार को पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एलान किया कि कांग्रेस किसानों के हक के लिए इस तानाशाह सरकार से ईंट से ईंट बजाने से भी पीछे नहीं हटेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा आगरा जिले में कुल 9 भूमि विकास बैंक हैं। इन सभी बैंकों में बिचौलियों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिनकी मिलीभगत से किसानों को लोन बांटा गया। किसानों का आरोप है कि उन्हें एक लाख रुपये के स्वीकृत ऋण पर महज 60 हजार रुपये ही थमाए गए, जबकि कागजों में पूरी राशि दर्ज कर दी गई। ग्राम मोहन का नगला (बीसलपुर) निवासी पीतम सिंह ने बैंक से 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था, लेकिन बिचौलियों ने उन्हें मात्र 30 हजार रुपये ही दिए। पीतम सिंह की मृत्यु के बाद अब बैंक ने उनकी विधवा पत्नी बैजयंती को 3 लाख 50 हजार रुपये की वसूली का नोटिस भेज दिया है। इस भारी-भरकम राशि का नोटिस देखकर बैजयंती के होश उड़ गए। पीड़िता ने धरने के दौरान रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई।
दिल्ली से पहुंचे दिग्गज, तेज होगा आंदोलन
इस अनिश्चितकालीन धरने को संबोधित करने के लिए दिल्ली से विशेष रूप से कांग्रेस पदाधिकारी कर्नल सुधीर कुमार और पवन कुमार पहुंचे। उनके साथ आगरा महानगर अध्यक्ष अमित सिंह, रेखा रानी, पप्पी बौहरे, अजय सिंह, नरेश सिकरवार और मुकेश कुमार डांगुर आदि माैजूद रहे।