भोगांव। अर्बन चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी सहित पूरे स्टाफ ने चिकित्सालय में अवैध कब्जा कर गंदगी फैलाने वाले लोहापीटा समाज के खिलाफ जिले के उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। शिकायती पत्र में अवैध कब्जा हटवाकर परिसर की सफाई कराये जाने के लिये नगर पंचायत को पत्र भेजा गया है।
बृहस्पतिवार को अर्बन चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नमन श्रीवास्तव, फार्मासिष्ट विवेक यादव, मंजू देवी, प्रशांत कुमार, राजीव कुमार, राधा दिवाकर, सुशीला आदि ने डीएम, सीएमओ, सीओ और ईओ को पत्र भेजा। इसमें कहा है कि चिकित्सालय की बाउंड्री को तोड़कर लोहापीटा समाज ने जानवर बांधना शुरू कर दिया है। पुराने चिकित्सालय के भवन में भूसा भर लिया हैै। नाले पर अवैध कब्जे के कारण गंदा पानी चिकित्सालय में परिसर में भर जाता है, जिससे मरीजों का आना-जाना दूभर है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नमन श्रीवास्तव ने बताया कि भवन को जर्जर घोषित किया जा चुका है। फिर भी लोहापीटा समाज के दर्जनो लोग गैलरी में रात में सोते हैं। भवन के गिरने से घटना घटित हो सकती है। उपजिलाधिकारी कुलदेव सिंह ने बताया कि पत्र प्राप्त हुआ है। अधिशासी अधिकारी नगर पचंायत को सफाई टीम भेजकर सफाई कराये जाने के निर्देश दिए है। पुलिस को अवैध कब्जे को तत्काल हटवाए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।