पिनाहट। ट्रांसफार्मर फुंकने से बरपुरा उपकेंद्र के 20 गांवों में 5 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे गर्मी और पानी के लिए परेशान ग्रामीणों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बरपुरा उपकेंद्र का घेराव करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे चला जाम अवर अभियंता के जल्द आपूर्ति के आश्वासन पर हटा।
ग्रामीणों ने बताया कि पिढौरा फीडर का ट्रांसफार्मर 5 दिनों से फुंका है। इससे करीब पिढ़ौरा, बरपुरा, चंड़ीगढ़ शाला, राटौटी, गुर्जा शिवालाल, कौंध समेत 20 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। पानी के भी संकट से लोग जूझ रहे हैं। कई शिकायतों के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होने पर बुधवार को दिन में करीब 11 बजे ग्रामीणों ने बरपुरा बिजली घर के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता हरे कृष्णा ने जल्द बिजली आपूर्ति का भरोसा दिलाया। उच्चाधिकारियों से लोगों की बात कराई। इसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे।
थानाध्यक्ष पिढ़ौरा अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के प्रदर्शन से करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। अवर अभियंता ने बताया कि उपकेंद्र पर लगा 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से समस्या आई है। उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। शाम तक ट्रांसफार्मर आ जाने की उम्मीद है। इसके बाद आपूर्ति बहाल हो जाएगी। मौके पर चक्कन सिंह, दिलीप सिंह, पूर्व प्रधान सौरभ सिंह, बीपी, प्रभु दयाल, लव कुश, मनीराम, सत्यवीर, दिनेश आदि मौजूद रहे।