मैनपुरी। जिले में किराये के भवन में संचालित हो रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को अब परिषदीय स्कूलों के प्रांगण में स्थापित किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन की ओर से पंचायती राज विभाग को दी गई है। प्रथम चरण में जिले में किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के संबंध में जानकारी मांगी गई है।
जिले में सौ से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवन में संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों को परिषदीय स्कूलों में स्थानांतरित करने का निर्णय शासन की ओर से लिया गया है। सचिव पंचायती राज विभाग की ओर से जिलाधिकारी को एक पत्र भेजा गया है। इसमें किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए परिषदीय स्कूलों के प्रांगण में जगह चिन्हित करने और ग्राम पंचायत की मदद से यहां आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भवन निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र प्राप्त होने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी से जिले में किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का विवरण जिला पंचायती राज अधिकारी से मांगा गया है। जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्र के नये भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। जिला पंचायतराज अधिकारी डाॅ. अवधेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची मांगी गई है।