08एमएनपी-24-अपने बेटे को वापस लाने के लिए प्रार्थना करती बिरतिया निवासी आनंद बाथम की मां
- फोटो : MAINPURI
किशनी। सऊदी अरब के रियाद में फंसे युवक की याद में उसकी मां ने खाना छोड़ दिया है। इससे गुरुवार को उनकी हालत बिगड़ गई। वहीं दो दिन से परिजनों का संपर्क भी युवक ने नहीं हुआ है। परिवार अफसरों से लगातार युवक की वतन वापसी की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामसभा इलाबांस के गांव विरतिया निवासी 30 वर्षीय आनंद बाथम किसान है।
एजेंटों के झांसे में आकर वह नौकरी के लिए 17 मार्च को दुबई चला गया। वहां उसको जबरन केमिकल फैक्टरी में लगा दिया गया। कठिन काम होने के कारण उसकी तबियत खराब होने लगी तो काम छोड़ दिया। भारत लौटने की बात कहने पर मालिक ने उनके पासपोर्ट और वीजा अपने पास रख लिए।
आनंद की पत्नी आर्थिक तंगी के चलते पांच वर्षीय बेटी पल्लवी और चार वर्ष के बेटे आयुष को मायके गांव दीग थाना ऊसराहार जिला इटावा छोड़ आई है। सिर्फ दो वर्षीय बेटा दिव्यांश और सास के साथ वह गांव में रह रही हैं। आनंद की वतन वापसी नहीं हो पाने पर उसकी मां की तबियत बिगड़ गई है।
उन्होंने बेटे की याद में खाना त्याग दिया है। पत्नी रानी ने बताया दो दिन से आनंद से संपर्क ही नहीं हो पा रहा है। परिवार के लोग परेशान हैं।