फरीदपुर में विज्ञान की पूर्णकालिक शिक्षिका के तौर पर तैनात अनामिका शुक्ला उर्फ प्रिया ने कला वर्ग से शिक्षा ग्रहण की है। फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज में स्थित कॉलेज से स्नातक किया है। साथ ही गोंडा के उसी महाविद्यालय से बीएड कर रही हैं जहां से वास्तविक अनामिका शुक्ला ने बीएड किया था।
आवासीय विद्यालय में अनामिका शुक्ला के बीएससी और टेट के दस्तावेजों के आधार पर प्रिया ने अगस्त 2018 में नौकरी हासिल की थी। उसके बाद उसका उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर हर साल नवीनीकरण होता रहा। जब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ तो पता चला कि प्रिया ने बीएससी की डिग्री हासिल ही नहीं की है।
यूपीः 25 जिलों में नौकरी करने वाली शिक्षिका 'अनामिका' की हकीकत खोलेगी एसटीएफ!
उसने कायमगंज क्षेत्र के भटासा गांव स्थिति रामदर्शनी इंटर कॉलेज, कायमगंज से हाईस्कूल और इंटर किया और फिर कायमगंज के शकुंतला देवी महिला महाविद्यालय से बीए किया। जबकि वह नौकरी विज्ञान शिक्षिका के तौर पर कर रही थी। साथ ही वह मौजूदा समय में गोंडा के ईश्वरीय महाविद्यालय से बीएड की शिक्षा प्राप्त कर रही है। इसी महाविद्यालय से अनामिका शुक्ला ने स्नातक की शिक्षा ली है।