किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव महिगवां निवासी फर्जी शिक्षिका को अलीगढ़ के थाना विजयगढ़ पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह थाना विजयगढ़ क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में संध्या द्विवेदी के नाम से नौकरी कर रही थी। जांच में उसके प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए थे।
गांव महिगवां निवासी राधा अलीगढ़ के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में संध्या द्विवेदी के दस्तावेज पर नौकरी कर रही थी। अनामिका शुक्ला प्रकरण के बाद शुरू हुई जांच में शिक्षिका के दस्तावेज फर्जी पाए गए थे। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से फर्जी शिक्षिका के खिलाफ विजयगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बृहस्पतिवार की शाम अलीगढ़ के विजयगढ़ थाने की पुलिस ने गांव में दबिश दी। यहां पुलिस ने राधा की तलाश की तो पता चला वह मैनपुरी शहर के पास स्थित राधानगर में अपनी बहन के यहां है। पुलिस ने राधानगर में बताए गए स्थान पर दबिश देकर फर्जी शिक्षिका को हिरासत में लिया है। पुलिस उसे अपने साथ अलीगढ़ ले गई।
जानकारी मिली है कि किशनी क्षेत्र की एक शिक्षिका जो अलीगढ़ में फर्जी पाई गई है को विजयगढ़ पुलिस अपनी हिरासत में ले गई है। हालांकि इस संबंध में विभागीय स्तर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
विजय प्रताप सिंह, बीएसए