कानपुर में कार्यरत शिक्षक के अभिलेखों से मैनपुरी में नौकरी कर रहे शिक्षक पर दो दिन में कार्रवाई होगी। बीएसए ने जांच के बाद प्रस्ताव तैयार कर जिला समिति के पास भेजा है। जिला समिति की बैठक शनिवार या रविवार को आयोजित होगी।
विकास खंड किशनी के एक स्कूल में पिछले 15 साल से फर्जी पैनकार्ड और अभिलेखों से नौकरी हासिल करने वाले शिक्षक की जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार को बीएसए ने प्रस्ताव जिला चयन समिति के पास भेज दिया। जिला चयन समिति को दो दिन के अंदर बैठक करके इस पर अपना निर्णय लेना है।
नपुर देहात में तैनात शिक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह के अभिलेखों से मैनपुरी के किशनी विकास खंड में धीरेंद्र सिंह के नाम से एक शिक्षक नौकरी कर रहा है। इसकी शिकायत हुई थी। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने उसी समय शिक्षक का वेतन रोक दिया था।
शिक्षक को अब तक तीन बार नोटिस भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। अब बीएसए ने उसके अभिलेखों की जांच पूरी कराकर कार्रवाई के लिए जिला चयन समिति को प्रस्ताव भेज दिया है। अगले दो दिन में शिक्षक पर कार्रवाई तय है। अभी तक की जांच में शिक्षक के अभिलेख फर्जी पाए गए हैं।
एक ही पैनकार्ड पर दो जगह नौकरी करने के मामले में जांच पूरी कर प्रस्ताव जिला समिति को भेज दिया गया है। जिलाधिकारी ने दो दिन में जिला चयन समिति को बैठक करके निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।-विजय प्रताप सिंह, बीएसए