बरौली अहीर। थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के कस्बा बमरौली कटारा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन में चीख-पुकार मच गई।
विजय पुत्र उमाशंकर निवासी 07/69 राठौर मंदिर, पुरानी मंडी थाना ताजगंज ने थाना बमरौली कटारा में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार देर शाम उसका पुत्र आठ वर्षीय शिवा कस्बा बमरौली कटारा में गायत्री गार्डन के पास नान-भटूरे की दुकान के सामने सड़क किनारे खड़ा था। तभी फतेहाबाद की ओर से तेज गति से आ रही एक फॉर्च्यूनर कार ने उसे राैंद दिया। परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना बमरौली पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाले कार चालक की तलाश की जा रही है।