-500 से अधिक पदों पर निजी कंपनियां करेंगी चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
पटियाली। भरगैन स्थित हज्जिन सादिका बेगम महाविद्यालय में 6 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की पांच प्रमुख कंपनियां प्रतिभाग करेगी। इन कंपनियों की ओर से लगभग 500 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक या आईटीआई की परीक्षा उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क रहेगा। प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार विभाग के संगम डॉट यूपी जीओवी डॉट इन वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। चयन के दिन अभ्यर्थी को बायोडेटा, पंजीकरण कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल व छाया प्रतियां, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। महाविद्यालय के प्रबंधक मुहम्मद आरिफ खान ने बताया कि यह मेला बेरोजगार युवाओं के लिए बेहतर रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने अधिकाधिक युवाओं से इसमें भाग लेने की अपील की है।